क्या आपने कभी रेत को पानी की तरह बहते देखा है? रेगिस्तानी इलाकों में रेत की नदी बहने की कहानियां अक्सर सुनी जाती रही हैं, लेकिन पहली बार ऐसी किसी घटना का वीडियो बनाया गया है। इराक में कुछ लोगों ने रेत की बहती नदी देखी और उन लोगों ने अपने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया। यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
कैसे बनती है रेत की नदी?
दरअसल यह मौसम में बदलाव के असर से होता है। हालांकि ऐसा बहुत कम और बहुत छोटे इलाके में होता है। लेकिन जो वीडियो सामने आया है उसमें बाकायदा लहरों के साथ रेत बहती दिखाई दे रही है। वैज्ञानिकों के मुताबिक रेगिस्तानी इलाकों में कभी-कभी बहुत तेज़ बारिश और ओले गिरते हैं। इस दौरान तापमान बहुत कम हो जाता है। किसी ऊपरी इलाके में अगर बहुत ज्यादा ओले गिरे हों तो वो एक साथ मिलकर रेत पर पानी की तरह बहने लगते हैं। इन ओलों में रेत के कण चिपके होते हैं, जिससे लगता है कि मानो रेत बह रही हो। ऐसी ‘रेतीली नदी’ ज्यादा से ज्यादा कुछ किलोमीटर तक ही बहकर जाती है और फिर खुद खत्म हो जाती है।
कब बनाया गया है यह वीडियो?
इराक के इन रेगिस्तानी इलाकों में इसी महीने 16 तारीख को काफी देर तक बारिश और ओले गिरे थे। इस बारिश से इराक ही नहीं, मिस्र, इस्राइल, जॉर्डन और सऊदी अरब के कुछ इलाकों में भी भारी नुकसान हुआ है। इसी दौरान दिन के वक्त इराक में यह वीडियो बनाया गया है। खाड़ी के रेगिस्तानी इलाकों में ऐसी घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं। लेकिन इसे होते बहुत कम लोग ही देख पाते हैं। ऐसी नदी या तो बहुत कम वक्त के लिए बनती हैं या बहुत छोटे साइज़ में। चश्मदीदों के मुताबिक इराक में बहने वाली यह रेतीली नदी करीब आधे से एक घंटे तक बहती रही थी।